संग्रहालय में वो दिन
— जब धूप थी बाहर, और भीतर बस हम थे

दिल्ली की गरमी से भागते हुए,
हम पहुँचे एक ऐसी जगह,
जहाँ हर मूर्ति, हर चित्र,
जैसे हमारी ही कहानी कह रहे थे।
आपको तो सब याद रहता है,
और मुझे...
बस आप।
कहना तो ये था कि —
"मैं तुम्हें सब समझाऊँगा, बताऊँगा,"
पर भूल गया,
कि आप मुझसे बड़ी हैं,
अनुभव में भी, और समझ में भी।
हर काँच के पीछे खड़ी मूर्तियों से ज़्यादा,
आपके चेहरे की झलक मुझे सीख देती थी।
एक पल में चुपके से वीडियो बना डाली,
जिसमें आपकी चाल...
जैसे हवा में गुनगुनाती हुई कोई धुन,
आँखों में जिज्ञासा, होठों पर मासूमियत,
और दिल में... शायद मैं।
फिर वो द्यूतक्रीड़ा का खेल —
ना हम नियम जानते थे,
ना पासे थामना आता था,
पर जो कुछ भी खेला,
वो प्रेम की सबसे सच्ची अदायगी थी।
आपके लिए एक कड़ा बनाया,
रंगीन धागों में बंधा था वो एक पल,
जो शायद अब कहीं खो गया है,
पर जो आपने बनाई थी तस्वीर —
वो आज भी मेरे पास है।
हर बार जब उसे देखता हूँ,
तो आपकी उंगलियों की नरमी,
और वो हल्की सी मुस्कान,
फिर से जिंदा हो जाती है।
उस दिन कुछ ख़ास नहीं किया था हमने,
ना बड़ी बातें, ना लंबे वादे —
बस कुछ देर साथ चले थे,
बिना कहे एक-दूजे को बहुत कुछ दे दिए थे।
Comments